टीआरपी डेस्क। रामनगरी अयोध्या से एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके परिजनों ने ई-रिक्शा में लाकर देर रात सड़क किनारे छोड़ दिया। यह पूरी घटना किशुन दासपुर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV फुटेज में क्या ?
CCTV फुटेज में साफ देखा गया कि रात करीब 11:30 बजे एक ई-रिक्शा रुकता है। रिक्शे से एक कमजोर बुजुर्ग महिला को उतार कर सड़क किनारे छोड़ दिया जाता है। न उसे सहारा दिया गया, न कोई बात की गई, रिक्शा चालक जो कथित तौर पर बुजुर्ग का रिश्तेदार है, तेजी से वहां से निकल जाता है। असहाय महिला सड़क किनारे बैठी रह जारी है, भयभीत और खामोश।
सुबह जब राहगीरों ने बुजुर्ग को देखा, तो पास जाकर हाल जानने की कोशिश की। वह बेहद कमजोर और मानसिक रूप से भ्रमित स्थिति में मिली। उसने सिर्फ इतना कहा कि मुझे घर से निकाल दिया।
स्थानीय लोगों ने की बुजुर्ग की मदद
स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को भोजन, पानी और कंबल उपलब्ध कराया। प्रशासन को सूचना भी दी गई, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। न ही परिजनों की ओर से कोई खोजखबर ली गई है।
यह घटना न केवल रिश्तों में खत्म होती संवेदनशीलता का एक प्रत्यक्ष उदाहरण है, बल्कि पूरे समाज के लिए विचार करने का विषय बन गया है। लोगों का कहना है, “अगर आज ऐसा इन बुजुर्ग के साथ हो रहा है और इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो कल को ऐसी हमारे साथ भी हो सकती है।”
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा चालक की पहचान शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला को उसके परिजन ही छोड़कर गए थे। बुजुर्ग महिला को अस्थायी आश्रय गृह भेज दिया गया है और मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।


