0 नक्सली 28 से मनाएंगे शहीदी सप्ताह, सुरक्षाबलों का गश्त अभियान तेज
जगदलपुर। नक्सलियों ने 28 जुलाई से शहीदी सप्ताह मनाने की घोषणा की है। इसी के मद्देनजर जवानों की एक टीम दंतेवाड़ा जिले के मालेवाही कैंप से निकलकर जंगल में सर्चिंग करने के लिए निकली थी। यहां जवानों को नक्सलियों द्वारा बनाये स्मारक मिले, जिन्हे ध्वस्त कर दिया गया है।
दंतेवाड़ा के थाना सीआरपीएफ कैंप मालेवाही से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 195 वीं बटालियन एवं जिला बल थाना मालेवाही से जवान ग्राम कचेनार की ओर सर्चिंग पर निकले हुए थे। इस दौरान ग्राम मालेवाही, पुसपाल एवं कचेनार क्षेत्र में सर्चिंग एवं पैदल मार्च किया गया।
लकड़ी से बने स्मारक मिले
सर्चिंग के दौरान ग्राम कचेनार के समीप नक्सलियों द्वारा बनाए गए तीन नक्सली स्मारक मिले, जिनमें से दो लकड़ी से बना व एक सीमेंट पत्थर से बना हुआ था। जवानों की टीम द्वारा तीनों स्मारकों को मौके पर ही कुल्हाड़ी एवं सब्बल की सहायता से तोड़ दिया गया।
इन नक्सलियों के नाम पर बनाये थे स्मारक
यह सभी स्मारक पूर्व में मारे गए नक्सली सीसीएम आनंद सुदर्शन करटम, पीएल 16 डिप्टी कमांडर रामसू कोर्राम, जयमन तथा महिला नक्सली सनिता के नाम पर बनाए गए थे।
बता दें कि भाकपा (नक्सली) संगठन द्वारा हर वर्ष 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाया जाता है, जिसमें वे मारे गए सक्रिय नक्सल सदस्यों की स्मृति में स्मारक निर्माण, बैनर-पोस्टर लगाना, जनसभाएं आयोजित करना तथा सुरक्षा बलों के विरुद्ध उकसावे की कार्यवाहियां करने का प्रयास करते हैं। यह सप्ताह संगठन के लिए प्रचार व जनसंपर्क का माध्यम होता है, जिसमें वे ग्रामीणों को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं।
इन्हीं गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए, सुरक्षा बलों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त, सर्च ऑपरेशन व नक्सली प्रभाव क्षेत्र में चिन्हित संरचनाओं का विध्वंस किया जा रहा है, ताकि नक्सलियों के मनोबल व प्रचार तंत्र को कमजोर किया जा सके।
इलाके में सक्रिय नक्सलियों की ली गई जानकारी
सुरक्षा बलों की तत्परता तथा सजगता से नक्सली स्मारक के साथ-साथ नक्सलियों का प्रयास भी ध्वस्त किया गया। स्मारक तोडऩे के दौरान कचेनार में ग्रामीणों से संपर्क कर क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन पर अपना विश्वास जाहिर करते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी लाने के लिए मांग की।
अभियान के बाद पुलिस बल सकुशल वापस थाना मालेवाही लौट आई। नक्सली शहीद सप्ताह के दौरान संभावित किसी भी नक्सली घटना को विफल करने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।


