कांकेर। यहां ईसाई धर्म अपनाने वाले युवक के शव को दफनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद चल ही रहा था कि इस बीच एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी के कब्र खोदकर लाश को निकाला गया और उसका पीएम कराया गया। दरअसल मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है, इसलिए मामले में नया मोड़ आ गया है।
लाश को गांव से दूर दफन करने की मांग
बस्तर के कांकेर जिले के ग्राम जामगांव में धर्मांतरित ग्रामीण की मौत के बाद कफन-दफन को लेकर दो दिन से जारी विवाद के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रामक रुख देखने को मिला। ग्रामीण शव को निकाल गांव से दूर दफन करने की मांग करते रहे। आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम किया और गांव में स्थित चर्चा में पहुंच जमकर हंगामा किया। इसी बीच, मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतक के भाई ने अपने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग कर दी। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव को बाहर निकाल लिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की बात पुलिस ने कही है।
ये है पूरा मामला…
जामगांव निवासी सोमलाल राठौर की दो दिन पहले मौत हो गई। उसके शव को परिजनों ने गांव में ही अपनी जमीन पर दफन कर दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने धर्म परिवर्तन करने और ईसाई धर्म अपनाने को लेकर गांव में कफन दफन करने को लेकर विवाद खड़ा कर दिया और शव को बाहर निकालने की मांग पर अड़े रहे। दो दिनों तक चले विवाद के बाद सोमवार को ग्रामीणों ने उग्र रुख अपना लिया और चर्चा में पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया। इसके बाद मृतक के भाई के आवेदन पर शव को बाहर निकाला गया।
कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि मृतक के भाई के आवेदन पर शव को बाहर निकाला गया है और नरहरपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। यहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।गांव में माहौल अभी शांत है। पुलिस के अधिकारी और टीम मौजूद है। एसपी आई कल्याण एलिसेला ने कहा कि चर्चा में हंगामा की खबर मिली है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


