राजनांदगांव। प्रदेश की सहकारी समितियों में यूरिया और डीएपी की भारी किल्लत है। खाद का कमी का सामना कर रहे किसान खेती कार्य छोड़ कर सडक़ में विरोध करने के लिए मजबूर हो गए हैं। मोहला-मानपुर से लेकर खैरागढ़ तक खाद संकट से त्रस्त किसान उपज बचाने के लिए जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। जिसका फायदा व्यापारी उठा रहे हैं। दोगुने दामों पर निजी दुकानों से किसान खाद खरीदने के लिए विवश है।

जगह-जगह किसान कर रहे प्रदर्शन

किसानों की मांग को पूरा करने में फिलहाल प्रशासन भी विफल दिख रहा है। किसानों को खाद के लिए सोसायटियों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। सोसायटियों में जल्द ही खाद उपलब्ध होने का आश्वासन देकर किसानों को तारीख पर तारीख दी जा रही है। मोहला-मानपुर के कौड़ीकसा में किसान जहां खाद संकट को लेकर सडक़ पर उतर आए।

इसी तरह खैरागढ़ जिले के पैलीमेटा में भी घंटों चक्काजाम रहा। किसानों ने स्टेट हाईवे को जाम कर अपनी मांग को पूरा करने के लिए आवाज उठाई। राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में भी खाद संकट से पूरे किसान परेशान हैं। मजबूरी में किसान फसल बचाने के लिए व्यापारियों के शरण में पहुंच गए हैं। व्यापारी कारोबार को चमकाने के लिए मौके का भरपूर फायदा उठा रहे हैं। सहकारी समिति में खाद नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद से व्यापारी दुकानों में मनमाफिक कीमत पर खाद बेच रहे हैं। इस पर लगाम कसने के लिए प्रशासन का ध्यान नहीं है।

See also  Naxalite encounter: कोंटा के भेज्जी जंगल में पुलिस नक्सल मुठभेड़ में 10 माओवादी ढेर, रुक-रुककर फायरिंग जारी