टीआरपी डेस्क। कोलकाता पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए बांग्लादेश की मॉडल शांता पॉल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वो पिछले 6 साल से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी। उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, वोटर ID, राशन कार्ड सहित कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने मॉडल के खिलाफ BNS की धारा 336(3), 338, 341, 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

शांता पॉल पहले एक एयरहोस्ट्रेस थीं और बाद में मॉडलिंग में आईं। वह बांग्लादेश की 2 प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए मॉडल रह चुकी हैं और कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा भी ले चुकी हैं। फिलहाल वह जादवपुर के विजयगढ़ इलाके में किराए के फ्लैट में रह रही थी। हालांकि, वह अलग-अलग जगहों पर कई पते इस्तेमाल करती थी।

पुलिस के मुताबिक, हाल ही में ठाकुरपुकुर थाने में शांता पॉल खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने शांता के कब्जे से बांग्लादेश के कई पासपोर्ट, माध्यमिक शिक्षा प्रमाण पत्र, रीजेंट एयरवेज का ID कार्ड, भारतीय आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अलग-अलग पतों पर बने राशन कार्ड बरामद किए हैं।

See also  दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए सरकार संकल्पित – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

शांता को पुलिस ने उस वक्त पकड़ा जब वह ऐप आधारित टैक्सी सेवा शुरू करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि आखिर उसने भारत में आधार और वोटर ID जैसे अहम दस्तावेज कैसे हासिल किए।

लालबाजार पुलिस ने इसके लिए UIDAI अधिकारियों से संपर्क किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आधार कार्ड किस आधार पर जारी हुआ। साथ ही, चुनाव आयोग से भी संपर्क कर वोटर ID की वैधता की जांच कराई जा रही है। खाद्य विभाग से भी राशन कार्ड से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि के लिए जानकारी मांगी गई है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि शांता को भारत में इतनी आसानी से फर्जी पहचान कैसे मिल गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में सामने आने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है।