जांजगीर-चांपा। चांपा क्षेत्र स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड में हुए गंभीर हादसे में दो कर्मचारियों की मौत मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने प्लांट में लापरवाही बरतने के आरोप में दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, औद्योगिक निरीक्षक हेल्थ एंड सेफ्टी ने प्लांट पर 8 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

घटना 12 अप्रैल 2025 की है। फर्नेश में तकनीकी खराबी के बाद दोबारा शुरू किए गए काम के दौरान फर्नेश से निकली गर्म धातु और गैस की चपेट में आकर 13 श्रमिक झुलस गए थे। इलाज के दौरान इनमें से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों में एक मैनेजर अनूप कुमार चतुर्वेदी और कर्मचारी सुरेश कुमार चंद्रा शामिल हैं। फिलहाल अन्य 11 श्रमिकों का इलाज रायपुर, भिलाई और हैदराबाद के अस्पतालों में चल रहा है।

जांच में सामने आया कि हादसे के वक्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन नहीं किया गया था। प्लांट में फर्नेश की ऊपरी सतह पर जमा मोल्टन मेटल और स्लैग को हटाने के लिए पोकिंग की जा रही थी, तभी अचानक गर्म मेटल और गैस बाहर निकल आई, जिससे श्रमिक झुलस गए।

See also  UP रवाना होने से पहले जानें सीएम भूपेश ने पूर्व सीएम रमन और नेता प्रतिपक्ष धरम लाल को लेकर क्या कहा

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई जांच में पाया गया कि कारखाना अधिभोगी संजय जैन और प्रबंधक उदय सिंह ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की। दोनों के खिलाफ धारा 287, 289 और 125 BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

प्लांट की सुरक्षा में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए हेल्थ एंड सेफ्टी निरीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर प्रकाश इंडस्ट्रीज पर 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।