रायपुर। राजधानी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पूर्व महिला थाना प्रभारी बेदवती दरियों, ASI शारदा वर्मा और महिला आरक्षक फगेश्वरी कंवर के खिलाफ पीड़िता से मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। पीड़िता के पति आसिफ अली के खिलाफ भी FIR दर्ज किया गया है।
मामला काउंसलिंग के दौरान हुए पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा है, जिसमें पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाद की स्थिति में पुलिस स्टाफ ने न केवल उसका पक्ष नहीं सुना, बल्कि गंभीर रूप से मारपीट और गाली-गलौज भी की। पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान उसे गले और पीठ पर डंडों से मारा गया, जिसके निशान साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। इससे पहले पीड़िता द्वारा शिकायत करने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया था, जिसके बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली थी।
उल्लेखनीय है कि महिला थाना प्रभारी रह चुकी बेदवती दरियों पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। हाल ही में ACB ने उन्हें ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस पुराने मामले के चलते वह पहले से ही निलंबित चल रही थीं।



