टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज दास समेत दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फिंगेश्वर के सरगी नाला पुल से नीचे गिर गई।
कार में कुल 5 लोग सवार थे, जो सभी बिलाईगढ़ के भटगांव से भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में फिंगेश्वर के पास सरगी नाला पुल पार करते समय कार चला रहे पंकज को अचानक झपकी आ गई। गाड़ी बेकाबू होकर पत्थर से टकराई और पुल से नीचे गिर गई।
हादसे में मौके पर ही पंकज दास (भाजपा मंडल अध्यक्ष) और उनके साथी लोकेश साहू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए पुल की खराब स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है। सरगी नाला पुल पर रेलिंग तक नहीं है, जिससे यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। फिलहाल फिंगेश्वर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



