नई दिल्ली। अगर आप एसबीआई क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं और अब तक हवाई यात्रा के दौरान मिलने वाले फ्री इंश्योरेंस कवर को सुरक्षा की तरह मानते आए हैं, तो अब आपको सतर्क हो जाना चाहिए। एसबीआई कार्ड ने ऐलान किया है कि 11 अगस्त 2025 से वह अपने कई प्रीमियम और को-ब्रांडेड कार्ड्स पर मिलने वाली एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस सुविधा को पूरी तरह से बंद करने जा रहा है।
अब तक इन कार्ड्स के जरिए 50 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का मुफ्त एयर एक्सिडेंट कवर मिलता था। लेकिन यह राहत अब खत्म होने जा रही है, जिससे लाखों यात्रियों की अतिरिक्त सुरक्षा में कमी आएगी।
किन कार्ड्स पर बंद होगी ये सुविधा?
एसबीआई ने जिन कार्ड्स पर यह लाभ बंद करने का फैसला किया है, उनमें प्रमुख रूप से उसके प्रीमियम और कुछ साझेदारी वाले बैंक कार्ड शामिल हैं। नीचे उन कार्ड्स की सूची दी गई है, जिन पर अब ₹1 करोड़ तक का फ्री एयर एक्सिडेंट कवर नहीं मिलेगा:
- SBI Card ELITE
- SBI Card Miles ELITE
- SBI Card Miles PRIME
- UCO Bank SBI Card ELITE
- Central Bank of India SBI Card ELITE
- Allahabad Bank SBI Card ELITE
- PSB SBI Card ELITE
- Karur Vysya Bank SBI Card ELITE
- KVB SBI Signature Card
एसबीआई कार्ड की ओर से अभी तक इस फैसले की आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि लगातार बढ़ रही क्लेम लागत और ऑपरेशनल खर्च इसका एक कारण हो सकते हैं।



