टीआरपी डेस्क। बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या का मामला सामने आया है। दिल्ली के निजामुद्दीन में पार्किंग को लेकर हुमा के भाई आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने हत्या में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के नाम गौतम और उज्जवल हैं और दोनों आरोपी सगे भाई हैं। उज्जवल ने सबसे पहले आसिफ कुरैशी पर हमला किया था। गौतम की उम्र 18 साल है जबकि उज्जवल की 19 साल है।

पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद

निजामुद्दीन के जंगपुरा भोगल बाजार लेन में गुरुवार को देर रात स्कूटी को गेट से हटाकर साइड में लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में आरोपियों ने आसिफ कुरैशी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का बयान

मृतक की पत्नी और रिश्तेदारों का कहना है कि मामूली बात पर आरोपियों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया है। मृतक की पत्नी ने बताया कि पहले भी पार्किंग विवाद को लेकर आसिफ से उनकी नोक-झोक हुई थी। आसिफ काम से लौटकर घर पहुंचे तो घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी लगी हुई थी, जिसे हटाने के लिए उन्होंने पड़ोसी को कहा, लेकिन पड़ोसी ने स्कूटी हटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी ।

See also  आर्थिक धोखाधड़ी, कूटरचना और अवैध रूप से भूमि को अपने नाम दर्ज कराने पर पॉच लोगों के खिलाफ एफ.आई.आर

मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि आसिफ को जानबूझकर मारा गया है। उनके एक रिश्तेदार जावेद ने बताया कि पहले भी 2 बार आसिफ से जानबूझकर झगड़ा किया गया ताकि उन पर हमला किया जा सके। उस पर पहले भी हमले किए गए थे।