बिलासपुर। पुलिस ने जिन दो ग्रामीणों को टिफिन बम रखने के आरोप में नक्सली बताकर गिरफ्तार किया था, हाई कोर्ट के डिवीजन बेंच ने उन्हें दोषमुक्त कर दिया है। राज्य शासन की अपील को खारिज करते हुए जस्टिस संयज एस अग्रवाल व जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने स्पेशल कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा है जिसमें दोनों ग्रामीणों को आरोप से मुक्त कर दिया था।

स्पेशल कोर्ट ने किया था दोषमुक्त

पुलिस ने नौ साल पुराने इस मामले में दो ग्रामीणों को टिफिन बम रखने के आरोप में नक्सल गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए एफआईआर किया और जेल में डाल दिया। मामले की सुनवाई के बाद स्पेशल कोर्ट ने पुलिस के बयान में विरोधाभास को देखते हुए दोनों ग्रामीणों को आरोप से मुक्त करते हुए जेल से रिहाई का आदेश दिया था। आदेश में स्पेशल कोर्ट ने पुलिस के एफआईआर और अफसरों के बयान को लेकर कड़ी टिप्पणी भी की थी। निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए राज्य सरकार ने हाई कोर्ट में अपील पेश की। यहां मामले की सुनवाई जस्टिस संजय एस अग्रवाल व जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डिवीजन बेंच में हुई। सुनवाई के बाद डिवीजन बेंच ने स्पेशल कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए राज्य सरकार की अपील को खारिज कर दिया है।

See also  ब्लैक फंगस से डरें नहीं, सावधान रहें, यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता : डॉ. मिश्र

केवल संदेह के आधार पर दर्ज किया था मामला

डिवीजन बेंच ने अपने फैसले में लिखा है कि पुलिस ने दोनों ग्रामीणों को संदेह के आधार पर गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। अदालत में अभियोजन पक्ष का मामला भी संदेह पर ही आधारित रहा। संदेह के आधार पर ही मामला बना दिया और अदालत में इसी नजरिए से जिरह की जा रही है। डिवीजन बेंच ने साफ कहा कि संदेह कभी सबूत का आधार नहीं बन सकता और ना ही वह सबूत का स्थान ले सकता है।

बयानों में विरोधाभास

जांच अधिकारी ने कोर्ट को बताया, 14 सितंबर 2015 को गश्त से लौटते समय, उन्होंने अन्य पुलिस कर्मियों के साथ भद्रीमहू गांव के पास झाड़ियों के पीछे दो व्यक्तियों को देखा और उसके बाद उन्होंने आरोपियों को पकड़ लिया। जांच अधिकारी फिर कहते हैं कि भद्रिमाहू गांव में फुटपाथ के किनारे बैठकर सारी कागजी कार्रवाई की गई थी।

हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल ने अपने बयान में जांच अधिकारी के झूठ की पोल खोल दी। दोनों ने कहा कि जब्ती सहित सभी कानूनी कार्रवाई पुलिस थाने में की गई है। थाने में ही सभी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किया है।

See also  CG NEWS : गृहमंत्री अमित शाह CRPF स्थापना दिवस में हुए शामिल, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, कहा- नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई अब अंतिम चरण में…

टिफिन बम को लेकर भी अलग-अलग बयान

जांच अधिकारी ने बताया टिफिन बम उस स्थान पर लगाया गया था जहां से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। कांस्टेबल ने कहा टिफिन बम उस स्थान से लगभग एक किमी आगे बैटरी तार सहित सड़क से तकरीनब 15-20 मीटर आगे एक गड्ढे से बरामद किया गया था।