रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र में मोजो मशरूम फैक्ट्री में शनिवार (9 अगस्त) की रात एक बार फिर हिंसा की वारदात सामने आई है। कर्मचारी मयंक वर्मा ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने खाने में मशरूम की सब्जी मांगी, तो सुपरवाइजर आशिक ने न सिर्फ देने से मना किया बल्कि गालियाँ देते हुए रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में मयंक के दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई है, वहीं उनके साथी भी घायल हुए हैं।

क्या हुआ पूरा मामला?

मयंक वर्मा, जो वार्ड नंबर 15 बंगोली के रहने वाले हैं, पिछले 3 साल से फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त की सुबह ड्यूटी खत्म कर खाना खाने गए थे, जहां उन्होंने सुपरवाइजर से मशरूम की सब्जी मांगी। आशिक ने पहले मना किया और बाद में गाली-गलौज शुरू कर दी।

शाम को मयंक अपने दोस्त डिगेंद्र के साथ फिर फैक्ट्री पहुंचे समझाने के लिए, लेकिन वहां सुपरवाइजर ने उनके आने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद आशिक और उसके साथी रॉड लेकर उन पर टूट पड़े। इस हमले में मयंक के दाहिने हाथ और डिगेंद्र के सिर, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

See also  Chhattisgarh News: स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएम साय ने दिए सख्त निर्देश, कहा- हर मातृ मृत्यु का हो ऑडिट

पिछला विवाद भी रहा था तेज

आपको बता दें कि करीब एक महीने पहले ही इस फैक्ट्री से 97 मजदूरों को प्रशासन ने रेस्क्यू किया था। उस वक्त मजदूरों ने आरोप लगाए थे कि फैक्ट्री में 18 घंटे तक काम करवाया जाता था और उन्हें कच्चा खाना दिया जाता था। उस मामले में चार ठेकेदारों के खिलाफ FIR भी दर्ज हुई थी।

पुलिस की कार्रवाई

खरोरा थाना पुलिस ने सुपरवाइजर आशिक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।