Chhattisgarh News: कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस 2025 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, क्योंकि स्वस्थ छत्तीसगढ़ से ही सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

सीएम साय ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर जिले में 100 प्रतिशत प्रसव अस्पतालों में ही सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही गर्भवती माताओं और बच्चों के टीकाकरण सत्र तय तिथि पर अनिवार्य रूप से आयोजित हों, और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए इनकी निगरानी की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर मैटरनल डेथ ( मातृ मृत्यु) का ऑडिट अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि कारणों की पहचान हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने एनआरसी सेंटरों के प्रभावी संचालन और माताओं-बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। इसके साथ वेलनेस सेंटरों के माध्यम से गैर-संचारी रोगों (NCDs) पर जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

See also  CG News: बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस का 15 से राज्यस्तरीय आंदोलन

मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग को लेकर कहा कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि प्रदेश को मलेरिया-मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में ठोस प्रगति हो।

अंत में उन्होंने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत सभी पात्र वृद्धजन का पंजीयन और कार्ड निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे।