टीआरपी डेस्क। नई दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बने टाइप-VII के 184 बहुमंजिला फ्लैटों का सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने परिसर में ‘सिंदूर’ का पौधा लगाकर हरियाली और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।

यह आवासीय परिसर 4 टावरों कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली में बंटा है, जिनके नाम देश की प्रमुख नदियों से प्रेरित हैं। उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने फ्लैट निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों से मुलाकात कर उनके काम की सराहना की।

पीएम ने कहा कि 2014 से पहले सांसद आवासों की भारी कमी थी और लंबे समय तक नए निर्माण नहीं हुए। 2014-2024 के बीच इस कमी को दूर करने का अभियान चलाया गया और अब तक लगभग 350 सांसद आवास बनाए जा चुके हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग टावर में कोसी का नाम देखकर इसे बिहार चुनाव से जोड़ेंगे, लेकिन ये नाम देश की जीवनदायिनी नदियों की प्रेरणा से रखे गए हैं।

See also  कल बाबूलाल मरांडी की घर वापसी, भाजपा में मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी,अमित शाह,जेपी नड्डा, रामविचार नेताम रहेंगे मौजूद

आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं

प्रत्येक फ्लैट करीब 5000 वर्ग फीट का है, भूकंपरोधी है और इसमें सांसद के रहने के साथ कार्यालय, स्टाफ रूम और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं हैं। परिसर दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल है और ग्रीन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होने के कारण इसे GRIHA 3-स्टार रेटिंग मिली है।