रायपुर। प्रदेश की मितानिन कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रही हैं। छत्तीसगढ़ के सभी ब्लॉकों में धरना, प्रदर्शन और आंदोलन किए गए, लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
निराश होकर मितानिन कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर राज्यव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। उनकी समस्याओं और मांगों को देखते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने प्रदेशभर में हर ब्लॉक में मितानिनों के धरना-प्रदर्शन का समर्थन किया।
सोमवार को शिवसेना का प्रतिनिधिमंडल रायपुर के तूता धरना स्थल पर पहुंचा और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस मौके पर शिवसेना प्रदेश महासचिव चंद्र मौली मिश्रा ने कहा, प्रदेश में गूंगी-बहरी सरकार बैठी है, जो मितानिनों के धरना और आंदोलन को न देख पा रही है, न सुन पा रही है। मितानिन आम जनता की सेवा में दिन-रात लगी हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
शिवसेना ने मांग की कि प्रदेश सरकार तुरंत मितानिनों की मांगों को पूरा करे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संगठन मंत्री राहुल परिहार समेत अन्य शिवसेना नेता मौजूद रहे।



