रायपुर। पुलिस ने बेटे को फंसाने की धमकी देकर मां से 2 लाख रुपए की उगाही करने वाले कथित पत्रकार और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, एक अन्य साथी फरार है।

मटखोलवा पारा न्यू चांगोरा भाठा संस्कृतिक भवन के पास थाना डीडी नगर निवासी श्रीमती रेणुका नेताम 45 ने बुधवार को इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि रेणुका का पुत्र शिवा नेताम थाना डी. डी.नगर में किसी प्रकरण में पकड़ा गया था। इस मामले में आकाश तिवारी नाम का व्यक्ति अपने आप को पत्रकार और वरिष्ठ अधिकारियों से पहचान बताकर रेणुका नेताम को डरा धमकाकर पैसों की मांग करता रहा। नहीं देने पर उसके पुत्र शिवा नेताम को 10 साल के लिए जेल भिजवाने की धमकी दी। मंगलवार को आकाश तिवारी इस महिला से पुरानी बस्ती स्थित मंगल होटल के पास से 200000 लेकर फरार हो गया। पुरानी बस्ती पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर पड़ताल कर रही थी। बुधवार को आकाश तिवारी, निवासी आनंद विहार भाटागांव (मूल पता ग्राम खोखर थाना जांजगीर चांपा) और अनुराग शर्मा, निवासी सत्यम विहार रायपुरा को गिरफ्तार किया गया। इनसे 1.89 लाख रूपये जब्त किया गया और इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

See also  4.5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया NTPC का अफसर, एसीबी ने की कार्रवाई