टीआरपी डेस्क। बिलासपुर एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी (NTPC) रायगढ़ में पदस्थ उप-महाप्रबंधक विजय दुबे को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दुबे ने जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तहत बची हुई राशि दिलवाने के बदले में 5 लाख रुपये की मांग की थी।

मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता सौदागर गुप्ता ने बताया कि तिलाईपाली गांव में स्थित उनके मकान का मौखिक बंटवारा तीन बेटों के बीच किया गया था। बाद में एनटीपीसी ने उस मकान और जमीन का अधिग्रहण कर लिया। प्रारंभिक मुआवजा तो उन्हें मिल चुका था, लेकिन पुनर्वास योजना के तहत उनके बेटों को करीब 30 लाख रुपये मिलने थे। इसमें से 14 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था। शेष 16 लाख रुपये दिलाने के लिए उप-महाप्रबंधक विजय दुबे ने 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।

गुप्ता का यह भी कहना है कि अधिकारी पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था और लगातार बाकी रकम की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने की मंशा के चलते उन्होंने इसकी शिकायत बिलासपुर एसीबी में की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद 16 सितंबर को टीम ने जाल बिछाया। विजय दुबे ने गुप्ता को एक पेट्रोल पंप के पास बुलाया, जहां वह 4.5 लाख रुपये लेते वक्त पकड़ा गया।

See also  लोकसभा चुनाव-आचार संहिता से पहले प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है कांग्रेस

एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल जांच जारी है और अन्य संबंधित दस्तावेजों व लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।