जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम करही में सोमवार को अवैध शराब पीने के बाद दो युवकों की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर विरोध जताया।
बता दें कि दोनों युवक अंग्रेजी शराब पीने के कुछ देर बाद ही बीमार पड़ गए थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम सारंगढ़ के अस्पताल में कराया गया।
मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर प्रशासन से मांग की कि गांव में अवैध शराब बेचने वाले कोचियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश दी और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



