रतनपुर। खूंटाघाट जलाशय में पिकनिक मनाने के दौरान एक युवक नहाते समय लापता हो गया। आशंका है कि वह बांध के गहरे पानी में डूब गया।

कल दोपहर बाद हुई इस घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक खोजबीन की, लेकिन अंधेरा घिर जाने पर तलाशी अभियान रोकना पड़ा।

कोरबा के दीपका में काम करता था युवक

पुलिस के अनुसार जिस युवक के डूबने की आशंका है, उसका नाम विशाल मानकर है, जो मध्यप्रदेश के बालाघाट का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में वह कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में काम करता था।

मिली जानकारी के मुताबिक युवक और उसके साथी उस हिस्से में नहाने के लिए उतरे थे, जहां सामान्यतः नौकायन की गतिविधियां संचालित होती हैं। पानी का तेज बहाव और गहराई के बीच वह अचानक लापता हो गया, जबकि उसके साथी शोर मचाकर सहायता मांगते रहे।

See also  अबूझमाड़ के आश्रम से लापता 4 छात्राओं को गए थे ढूंढने, तमिलनाडु के ईंट भट्ठे में मिलीं काम करते हुए, छग के कुल 16 बच्चों को छुड़ाकर ला रहे वापस

सुरक्षा संसाधनों का अभाव

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मौके पर चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त लाइफगार्ड/रेस्क्यू संसाधन नहीं हैं, जिससे तुरंत बचाव में कठिनाई आई। रतनपुर पुलिस ने मामले की डायरी में एंट्री कर परिवारीजनों को सूचित कर दिया है। स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे खतरनाक एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में न उतरें, वेस्टवियर के पास फोटो/नहाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि खुटाघाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर हादसों को रोका जा सके।