0 एक पर FIR, दूसरा गिरफ्तार

महासमुंद/राजनांदगांव। प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में छात्राओं के शोषण की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। इन मामलों में पॉक्सो के तहत कठोर कार्रवाई के बावजूद कतिपय शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक के हायर सेकेंडरी स्कूल लिमगांव के व्याख्याता संदीप साहू के ऊपर छात्राओं से स्कूल में अशोभनीय हरकत करने का आरोप लगा है। उधर राजनांदगांव में छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ करने वाले प्रधान पाठक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

विरोध करने पर धमकी देता था व्याख्याता

महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक लिमगांव के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ लेक्चरर संदीप साहू पर छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और अनुचित व्यवहार करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। व्याख्याता स्कूल में छात्राओं से अश्लीलता करता था और किसी को बताने पर चरित्र प्रमाण पत्र खराब करने की धमकी देता था। इस मामले में ग्रामीणों के थाना के घेराव करने के बाद आरोपी व्याख्याता के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

समझौते का प्रयास करती रही पत्नी

इस मामले का उल्लेखनीय पहलु यह है कि आरोपी व्याख्याता की पत्नी एफआईआर दर्ज होने से पहले ग्रामीणों से समझौते के लिए मिन्नतें करती रही पर पुलिस में पीड़ितों ने अपराध कायम करवाकर ही दम लिया।

See also  राजधानी में चल रही थी अवैध शराब की फैक्ट्री, आबकारी विभाग ने किया भंडाफोड़

इस मामले में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, आरोपी लेक्चरर कक्षा के दौरान जानबूझकर दरवाजे और खिड़कियां बंद कर देता था और छात्राओं के साथ अशोभनीय हरकत करता था। पढ़ाई के समय वह अनुचित नजर रखता और छात्राओं को मानसिक रूप से परेशान करता था। बताया गया है कि जब कुछ छात्राओं ने इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें धमकी दी कि वह उनका चरित्र प्रमाण पत्र खराब कर देगा, जिससे वे आगे किसी भी विद्यालय में प्रवेश नहीं ले पाएंगी।

मामले के उजागर होने के बाद बुधवार को बड़ी संख्या में पीड़ित छात्राओं के पालक और ग्रामीण सरायपाली थाना पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षकों को तत्काल निलंबित कर जेल भेजा जाना चाहिए। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के दिन सुबह से ही आरोपी की पत्नी लिमगांव में मौजूद थीं और पालकों को समझाने-बुझाने के साथ “अंतिम बार माफ” करने के लिए दबाव बना रही थीं, ताकि मामला थाने तक न पहुंचे।

See also  Drugs Case : 29 दिनों से गिरफ्तार है रिया, आज हो सकता है जमानत पर फैसला

कुकर्मी प्रधान पाठक किया गया गिरफ्तार

उधर राजनांदगांव जिले में स्कूली छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने वाले प्रधान पाठक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रधान पाठक 9 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज होने बाद फरार चल रहा था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बता दे कि आरोपी को स्कूल शिक्षा विभाग ने पूर्व में ही निलंबित कर दिया था। मामला चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

स्कूल जाना छोड़ दिया था कई बच्चियों ने

राजनंदगांव ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला महोबा में प्रधान पाठक नेतराम वर्मा पदस्थ है। उसके द्वारा स्कूल की छात्राओं को अपने ऑफिस से बुलाकर मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया जाता था। इसके साथ ही छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत करना, निजी अंगों को स्पर्श करने और सहलाने जैसा कुकृत्य किया जाता था। डरी सहमी बच्चियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। जब पालकों ने इसका कारण पूछा तो प्रधान पाठक की करतूत बच्चियों ने बताई। पालकों ने 6 अगस्त को स्कूल में हुए पालक समिति की बैठक के दौरान यह मुद्दा उठाया और 7 अगस्त को मामला बीईओ के पास गया। तब यह खबर डीईओ के पास पहुंची।

See also  सरकारी स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान 7 शिक्षक थे नदारद, कलेक्टर ने दिए वेतन कटौती के निर्देश

डीईओ ने संकुल समन्वयक के माध्यम से इसकी जांच करवाई और बयानों में इसकी पुष्टि होने पर 9 अगस्त को विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने चिखली पुलिस चौकी में एफआईआर करवाई। आरोपी प्रधान पाठक नेतराम वर्मा पर पुलिस ने बीएनएस 74, पॉक्सो एक्ट की धारा 8,10 के तहत अपराध दर्ज किया। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलने पर प्रधान पाठक फरार हो गया था।

मामले को छुपाने वाले शिक्षक को भी किया निलंबित

दूसरी तरफ जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी प्रधान पाठक नेतराम वर्मा को निलंबित कर दिया। इसके अलावा स्कूल के सहायक शिक्षक डीसम तिवारी को भी मामला जानते हुए भी छुपाने पर निलंबित किया गया। एफआईआर के बाद से फरार प्रधान पाठक की पुलिस टीम ने काफी खोजबीन की। इसी दौरान राजनांदगांव से बाहर भागने की फिराक में भिलाई सेक्टर फ्लाईओवर के नीचे खड़े आरोपी नेतराम वर्माको सूचना मिलने पर घेरेबंदी कर पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके बाद अदालत में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।