टीआरपी डेस्क। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामनाथपुर के गोकुलनगर इलाके में रविवार देर रात जन्माष्टमी रथ यात्रा के दौरान एक रथ बिजली के हाई-टेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे पांच श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
करंट लगते ही मचा कोहराम
यह हादसा उस वक्त हुआ जब जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में एक धार्मिक जुलूस निकाला जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, जुलूस में शामिल एक वाहन अचानक खराब हो गया, जिसके बाद नौ श्रद्धालु मिलकर रथ को हाथों से खींचने लगे। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, वह ऊपर से गुजर रहे हाई-टेंशन तार से टकरा गया, और रथ खींच रहे सभी लोग करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही कई लोग ज़मीन पर जा गिरे और जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जिन पांच लोगों की जान गई, उनकी पहचान कृष्णा (21), रुद्र विकास (39), राजेंद्र रेड्डी (45), श्रीकांत रेड्डी (35) और सुरेश यादव (34) के रूप में हुई है।
घायलों में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के गनमैन श्रीनिवास भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति अब स्थिर है और उन्हें अस्पताल में इलाज मिल रहा है।
परिवारों में मातम, प्रशासन से सहायता की मांग
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियाँ कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। परिजन शोक में डूबे हैं और आस-पास के लोग उन्हें सांत्वना देने के लिए जुटे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।



