टीआरपी डेस्क। त्यौहारों के आते ही ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर जालसाज सक्रिय हो जाते हैं और मिलावटी तथा नकली गहनों की बिक्री तेजी से होने लगती है। बाजार में नकली चांदी के सिक्के और हल्के कैरेट के गहनों को असली बताकर बेचे जाने की कई शिकायतें सामने आईं हैं। सराफा व्यापारी भी ग्राहकों को आगाह करते हैं कि वे खरीदारी के दौरान सावधानी बरतें और हमेशा बिल और हॉलमार्क की जांच करना न भूलें।

विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों में आभूषणों की मांग बढ़ जाती है और इसी का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व ग्राहकों को ठगने में लग जाते हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करनी चाहिए। त्योहारों में नकली सोना-चांदी बेचने वालों से बचना बहुत जरूरी है। अक्सर जालसाज असली जैसा दिखने वाला फर्जी गहना ग्राहकों को बेचने की कोशिश में रहते हैं।

कैसे पहचानें सोना असली या नकली ?

  • हॉलमार्क की करें जांच
    असली सोने पर BIS (Bureau of Indian Standards) हॉलमार्क की मुहर होती है।
  • असली सोने में होते हैं 3 निशान
    कैरेट की संख्या (जैसे 24K, 22K, 18K), ज्वेलर का कोड और BIS का लोगो । ये 3 निशान मिलावटी सोने में कभी नहीं मिलेंगे।
  • होलोग्राम / QR कोड देखें
    अब BIS ने हॉलमार्क यूनिक ID (HUID) प्रणाली शुरू की है। जिसे स्कैन कर जांच की जा सकती है। हर गहने पर एक यूनिक 6-डिजिट कोड होता है, जिसे स्कैन करके या BIS CARE ऐप पर डालकर असली-नकली की पुष्टि कर सकते हैं।
  • बिना बिल न करें खरीदी
    असली दुकानदार हमेशा GST सहित बिल देंगे। नकली गहने बेचने वाले अक्सर बिना बिल के सस्ता सौदा करने की कोशिश करते हैं।
  • एसिड टेस्ट / मैगनेट टेस्ट
    सोने की जांच ज्वेलर की दुकान पर ही एसिड टेस्ट करवा कर की जा सकती है और असली सोना चुंबक से नहीं चिपकता इसलिए मैगनेट टेस्ट भी जांच का सबसे सरलतम तरीका है।
  • वजन और ध्वनि
    असली सोने और नकली सोने के वजन में बहुत फर्क होता है। गिराने पर असली सोने की आवाज हल्की और ठोस होती है। इससे भी सोने की पहचान की जा सकती है।
See also  अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट पर विमान की ट्रायल लैंडिंग, सरकार के मंत्री रहे मौजूद

क्या करें ग्राहक ?

  • हमेशा BIS हॉलमार्क वाला गहना ही खरीदें।
  • खरीदने के बाद HUID नंबर BIS App पर कोड वेरिफाई करें।
  • शक होने पर तुरंत कंज्यूमर फोरम या पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं।