टीआरपी डेस्क। आदिवासी इलाकों में बिजली, जमीन का पट्टा, स्कूल आदि समस्याओं को दूर किए जाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी ने आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। पार्टी के संस्थापक व संरक्षक रघु ठाकुर ने राजधानी रायपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर नगरी सिहावा अंचल में आदिवासियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौपा है। साथ ही चेतावनी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो जिला मुख्यालय से लेकर प्रदेश और देश की राजधानी तक आंदोलन चलाया जाएगा। आज मूसलाधार बारिश के बीच भी आदिवासी महिलाएं व पुरुष छाता तानकर रावणभाठा मैदान पहुंचे।

CG News : लोसपा के अध्यक्ष रघु ठाकुर ने कहा कि इस अंचल के गांव ठेलकाभर्री, छूईभर्री , उमरादेहान, कुसुमभर्री, बोइरनाला देवभर्री के आदिवासियों को जमीन के पट्टे के बावजूद न कब्जा मिला है न वहां बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं। शांतिपूर्ण संघर्ष में विश्वास रखने वाले आदिवासियों की परेशानी दूर नहीं हो रही। सभा को लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी छत्तीसगढ़ इकाई के पदाधिकारी अशोक पंडा, श्याम मनोहर सिंह व शिव नेताम ने भी संबोधित किया।



