टीआरपी डेस्क। विपक्षी दलों के INDI अलायन्स ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेसवार्ता कर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी का नाम घोषित किया है। अब उनका मुकाबला NDA के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन से होगा।

कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने जानकारी दी कि रेड्डी का नाम सर्वसम्मति से तय किया गया है। वहीं खरगे ने उन्हें “भारत के सबसे सम्मानित और प्रगतिशील न्यायविदों” में से एक बताते हुए कहा कि उनका कानूनी करियर बेहद लंबा और उल्लेखनीय रहा है। वे आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के जज, गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

सुदर्शन रेड्डी को लेकर बोले खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “सुदर्शन रेड्डी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के लिए लगातार खड़े रहे हैं। उनके कई फैसलों में गरीब और वंचित वर्ग के हितों की रक्षा देखने को मिली है। उन्होंने संविधान और मौलिक अधिकारों की सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी है।”

See also  भूपेश का बयान: चैतन्य को ED का कोई नोटिस नहीं, आता तो जरूर जाते

क्यों चुने गए बी सुदर्शन रेड्डी

गौरतलब है कि बी सुदर्शन रेड्डी ने हाल ही में तेलंगाना सरकार द्वारा गठित स्वतंत्र विशेषज्ञ कार्य समूह (IEWG) की अध्यक्षता की थी। इस समूह ने जाति जनगणना के बाद सरकार को लगभग 300 पृष्ठों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी थी। समिति ने कांग्रेस सरकार द्वारा कराए गए सामाजिक-आर्थिक, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक सर्वेक्षण (SEEEPC) को वैज्ञानिक और विश्वसनीय करार दिया था तथा इसे देश के लिए “आदर्श मॉडल” बताया था। इसके साथ ही बी सुदर्शन रेड्डी ने न्यायविद के रूप देश और समाज के लिए सराहनीय कार्य किए हैं जिसके चलते पूरे देश में उनकी एक अलग छवी और पहचान है।