भोपाल। मध्य प्रदेश में फिर मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने 23 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसमें जबलपुर, रतलाम समेत अन्य जिले भी शामिल है। वहीं, राजधानी भोपाल में सुबह से रुक-रुककर पानी गिर रहा है। नर्मदापुरम में तवा डैम के 13 में से 5 गेट 5-5 फीट तक खोले गए हैं। इनसे 43 हजार 010 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून टर्फ, डिप्रेशन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की एक्टिविटी होने से एमपी में अगले चार दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होगी।
मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 25 से ज्यादा जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर चला। सबसे ज्यादा पानी इंदौर में 3.1 इंच गिर गया। रायसेन में 2.7 इंच, उज्जैन में 1.2 इंच और सिवनी में 1 इंच बारिश हुई। खरगोन, सीहोर, विदिशा, शाजापुर, आगर-मालवा, देवास, नर्मदापुरम, सागर, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, उमरिया, खंडवा, नरसिंहपुर, गुना, ग्वालियर, बैतूल, दमोह में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।



