टीआरपी डेस्क। सोशल मीडिया पर ये अफवाह चल रही है कि, चीन के लोकप्रिय वीडियो ऐप टिकटॉक (TikTok) को अनब्लॉक कर दिया गया है। अब फिर से लोग टिकटॉक यूज़ कर पाएंगे। लेकिन सरकार के सूत्रों ने इन खबरों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक करार दिया।

हाल ही में कुछ यूज़र्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि वे टिकटॉक की वेबसाइट एक्सेस कर पा रहे हैं, जिससे बैन हटने की अटकलें तेज हो गईं। लेकिन जब इन दावों की पड़ताल की गई तो सामने आया कि भले ही वेबसाइट कुछ यूज़र्स के लिए खुल रही हो, लेकिन लॉगिन, वीडियो एक्सेस और ऐप डाउनलोड जैसी मुख्य सुविधाएं अब भी बाधित हैं।

सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “भारत सरकार ने टिकटॉक को अनब्लॉक करने का कोई आदेश नहीं दिया है। ऐसी खबरें केवल अफवाहें हैं और इन पर भरोसा न किया जाए।” यह स्पष्टीकरण तब आया जब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया गया कि टिकटॉक की वेबसाइट काम कर रही है और जल्द ही ऐप की वापसी भी हो सकती है।

See also  कोवैक्सीन बनाने वाले भारत बायोटेक के 50 स्टाफ कोरोना पॉजिटिव, कंपनी के ट्वीट पर आए यूजर्स के कुछ ऐसे रिएक्शन, पूछा- कैसे संक्रमित हो गए कर्मचारी, टीका नहीं लगवाया?

अब भी स्टोर से गायब

जांच में यह भी सामने आया कि गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर टिकटॉक ऐप अब भी उपलब्ध नहीं है। यानी आधिकारिक रूप से इसकी वापसी की कोई प्रक्रिया फिलहाल शुरू नहीं हुई है।

टिकटॉक समेत 59 ऐप्स पर 2020 में बैन

गौरतलब है कि भारत सरकार ने 29 जून 2020 को टिकटॉक समेत 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसका कारण भारत की सुरक्षा, अखंडता और डेटा प्राइवेसी से जुड़ी चिंताएं थीं। सरकार के मुताबिक, इन ऐप्स के जरिए यूज़र्स का डेटा विदेशी सर्वरों पर भेजा जा रहा था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा था।