टीआरपी डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र कुमार उर्फ ‘पप्पी’ को अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी मामले में शनिवार को सिक्किम से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई। केसी वीरेंद्र कुमार (MLA KC Virendra Kumar) कर्नाटक के चित्रदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक है। ईडी ने बताया कि यह गिरफ्तारी शुक्रवार को विभिन्न राज्यों में हुई छापेमारी के बाद हुई, जिसमें 12 करोड़ रुपये नकद, करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा, 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलोग्राम चांदी और चार वाहन जब्त किए गए हैं।

50 वर्षीय विधायक को गंगटोक में एक मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई है, ताकि उन्हें आगे की जांच के लिए बंगलूरू लाया जा सके। ईडी का कहना है कि विधायक वीरेंद्र कुमार (MLA KC Virendra Kumar) अपने सहयोगियों के साथ एक कसीनो को लीज पर लेने के उद्देश्य से गंगटोक आए थे। इस दौरान ईडी ने उनके भाई केसी नागराज और बेटे पृथ्वी एन राज के परिसरों से कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि विधायक का एक और भाई केसी थिप्पेस्वामी दुबई से ऑनलाइन गेमिंग का संचालन कर रहा है।

See also  HIGHCOURT BREAK : टूलकिट मामले में रमन सिंह और संबित पात्रा को मिली राहत, FIR निरस्त करने के आदेश

ईडी ने इससे पहले शुक्रवार को चित्रदुर्ग, बंगलूरू, जोधपुर, हुबली, मुंबई और गोवा सहित 30 स्थानों पर छापेमारी की थी। खास तौर पर गोवा के पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स, पपीज प्राइड, ओशन 7 और बिग डैडी जैसे प्रसिद्ध कसीनो भी जांच के दायरे में आए हैं।

एजेंसी का कहना है कि आरोपी King567, Raja567, Puppy’s003 और रत्ना गेमिंग जैसे नामों से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म चला रहे थे, जिनका नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था। ईडी को संदेह है कि इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारी मात्रा में काले धन को सफेद किया जा रहा था। जांच जारी है और एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि इस नेटवर्क में और भी नाम सामने आ सकते हैं।