टीआरपी डेस्क। डाक विभाग (DOP) और एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) ने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए एक अहम पहल की है। इसके तहत अब देशभर के डाकघरों के जरिए म्यूचुअल फंड निवेश की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुंबई में AMFI के 30वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर, दोनों पक्षों ने इस दिशा में सहयोग सुनिश्चित करने के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता 22 अगस्त 2025 से 21 अगस्त 2028 तक तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, और आगे बढ़ाने (रिन्यूअल) का विकल्प भी मौजूद है।
एमओयू में निवेशकों के डेटा और सेवाओं की सुरक्षा के लिए मजबूत प्रावधान किए गए हैं, जो भारत में वित्तीय सेवाओं के संचालन में उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित करेंगे। इस पहल के तहत भारतीय डाक अपने विशाल नेटवर्क के माध्यम से म्यूचुअल फंड निवेश की सुविधा प्रदान करेगा। खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों के लोग अब निवेश के इन विकल्पों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
संचार मंत्रालय ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य देशभर में फैले डाकघरों की भरोसेमंद पहुँच का उपयोग कर म्यूचुअल फंड उत्पादों को अधिक लोगों तक पहुंचाना है। समझौते के अनुसार, डाक विभाग के कर्मचारी म्यूचुअल फंड वितरक की भूमिका निभाएंगे, जिससे छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में वित्तीय उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी।


