रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों नौ दिवसीय जापान दौरे पर हैं। जहां वे प्रदेश में विदेशी निवेश को लेकर लगातार अहम बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। टोक्यो में उन्होंने जापानी सरकारी संस्थान जेईटीआरओ (JETRO) के वरिष्ठ अधिकारियों नाकाजो काज़ुया, एंडो युजी और हारा हारुनोबू से मुलाकात की। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने आईटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने JETRO को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया और प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, संसाधनों और युवाओं की क्षमता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य तेजी से विकसित हो रहा है और यहां निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार है। यह मुख्यमंत्री का पहला जापान दौरा है और इसकी शुरुआत उन्होंने जापान की दिग्गज आईटी व टेलीकॉम कंपनी NTT के अधिकारियों से बैठक से की। इस बैठक के जरिए प्रदेश में डिजिटल नेटवर्किंग हब और डेटा सेंटर स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

See also  बेरोजगार बना दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति, UPI के जरिए खाते में आए ‌₹1 लाख करोड़…

बता दें कि मुख्यमंत्री 24 अगस्त को वे ओसाका एक्सपो-2025 के आयोजन स्थल का दौरा करेंगे, जहां छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग को लेकर रणनीति पर बात होगी। इससे राज्य की सांस्कृतिक और औद्योगिक पहचान को वैश्विक मंच मिलेगा। 23 अगस्त को मुख्यमंत्री जापान में बसे प्रवासी भारतीयों से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के जरिये वे उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे और राज्य की नई उद्योग नीति से अवगत कराएंगे।