बिलासपुर। प्रशासन और पुलिस ने चकरभाठा बोदरी चौक से एयरपोर्ट रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सड़क पर लगे ठेले और गुमटियां हटाई गईं, वहीं दुकानदारों द्वारा रोड पर फैलाकर रखा गया सामान जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हाई कोर्ट के आदेश पर चलाए गए इस अभियान में चकरभाठा ब्रिज से बोदरी तक और नयापारा चौक से लेकर उच्च न्यायालय आवासीय परिसर तक सड़क किनारे लगाए गए ठेले-गुमटियां हटाए गए। कई जगह जहां दुकानदारों ने शेड बना लिया था, उन्हें तोड़ दिया गया। जब्त सामान को यातायात वाहन की मदद से चकरभाठा थाने में जमा कराया गया।
इस कार्रवाई में तहसीलदार बोदरी संदीप साय, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश चंद्रवंशी, थाना प्रभारी चकरभाठा उत्तम साहू, नगर पालिका अधिकारी भारती साहू समेत राजस्व और पुलिस विभाग की टीम शामिल रही।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर खड़े बेतरतीब वाहनों को भी क्रेन की मदद से उठाकर चकरभाठा थाना परिसर में खड़ा कराया। प्रशासन का कहना है कि शहर की सड़कों पर यातायात सुगम बनाने और आम जनता को राहत देने के लिए यह कार्रवाई की गई है।


