रायपुर। राजधानी में वीआईपी रोड स्थित शगुन पैलेस में नारायण सेवा संस्थान ने दिव्यांगजनों के लिए शिविर का आयोजन किया था। शिविर में 400 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ और पैर लगाए जाने थे। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बतौर मुख्य अतिथि और अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की थी।

इसी तारतम्य में 7 साल का एक बच्चा मंच पर पहुंचा जिसने एक हादसे में अपने दोनों हांथ गंवा दिए थे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की मौजूदगी में बच्चे के दोनों कृत्रिम हाथ लगाए गए। जिसके बाद उस बच्चे के चेहरे पर खुशी साफ नज़र आ रही थी।
इस दौरान कुछ लाभान्वित दिव्यांगजनों का परिचय करवाया गया। जिसमें वह 7 साल का लाभार्थी बच्चा भी शामिल था। परिचय के बीच उसकी बातें सुनकर सभी अतिथि और कार्यक्रम में मौजूद लोग भाव विभोर हो गए।बच्चे ने बड़े धीमे स्वर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव से कहा “अंकल आज मेरा हैप्पी बर्थ डे है।” यह सुनकर अरुण साव ने उसके सिर पर हाथ फेरा और “खूब पढ़ो, खूब बढ़ो, हमेशा खुश रहो बेटा” कहते हुए उनकी आंखें भीग गईं। अरुण साव ने अपनी आंखें पोछी, बच्चे को मिठाई खिलाकर अपने जेब में रखे सारे पैसे बच्चे की जेब में डाल दिए।
बिना दोनों हाथों के किसी 7 साल के बालक को देखना रोज की बात तो नहीं है, इसलिए बालक की मीठी बाते सुनकर हर संवेदनशील व्यक्ति की आंखें भर आना भी लाजमी है। फिर चाहे वह कोई आम इंसान हो या प्रदेश का उप मुख्यमंत्री, संवेदनाएं तो सभी में जिंदा हैं।



