बिलासपुर। बारिश के चलते उफान पर आई अरपा नदी के पुल पर निर्मित रामसेतु पुल पर रात करीब  10:30 बजे एक युवती रेलिंग पर चढ़कर नदी में छलांग लगाने जा रही थी, इस बीच वहां से गुजर रहे युवकों ने समझदारी और साहस दिखाते हुए उसे कूदने से पहले ही बचा लिया। इस घटना का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती काफी देर से पुल पर टहल रही थी। अचानक वह रेलिंग पर चढ़ गई और नदी में कूदने की कोशिश करने लगी। तभी कुछ युवकों ने हालात को भांप लिया और उसे बातों में उलझा लिया। युवती उनसे बात करने लगी। तभी स्कूटर पर सवार एक युवक ने अपनी गाड़ी रोकी और पीछे से उसका हाथ पकड़ कर तुरंत रेलिंग से नीचे खींच लिया। समय रहते उठाए गए इस कदम से युवती की जान बच गई।

युवकों ने तुरंत डायल 112 में फोन किया। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को थाने ले जाया गया। पूछताछ में पता चला कि युवती जरहागांव क्षेत्र की रहने वाली है और तेलीपारा में रहकर प्राइवेट जॉब करती है। वह बीएससी नर्सिंग नहीं कर पाने और माता-पिता से नाराज़गी के चलते मानसिक तनाव में थी।

See also  गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी प्रदेशभर में निकालेगी भरोसा यात्रा

पुलिस ने युवती को सखी सेंटर भेजा है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है। जल्द ही परिजनों को बुलाकर समझाइश दी जाएगी और उसे उनके सुपुर्द किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मौके पर मौजूद युवक की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है।