रायपुर. भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आज सोमवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। कार्यभार ग्रहण समारोह सुबह 11:30 बजे भाजपा मुख्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित किया गया है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यभार ग्रहण करने वाले मोर्चा अध्यक्षों में विभा अवस्थी भाजपा महिला मोर्चा, राहुल टिकरिहा, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), अशोक साहू – पिछड़ा वर्ग मोर्चा, डॉ. समन जांगड़े – अनुसूचित जाति मोर्चा, सत्यनारायण सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, मखमूर इकबाल अल्पसंख्यक मोर्चा शामिल हैं।
भाजयुमो निकालेगा बाइक रैली
भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। रैली सुबह 10 बजे बंजारी माता मंदिर से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भाजपा कार्यालय पहुंचेगी।
13 अगस्त को हुई थी टीम की घोषणा
गौरतलब है कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने 13 अगस्त को अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की थी, जिसमें सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नए नेतृत्व के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी के भीतर इसे आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



