रायपुर। The weather today in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। वहीं, कल से बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

प्रदेशभर में झमाझम, बिलासपुर सबसे गर्म

रविवार को राज्य के सभी पांच संभागों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम तंत्र सक्रिय

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो ऊंचाई पर दक्षिण की ओर झुका हुआ है। इसके अलावा, एक द्रोणिका हरियाणा से उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं मानसूनी रेखा बीकानेर, जयपुर, आगरा, प्रयागराज, डाल्टनगंज, जमशेदपुर और दीघा होते हुए खाड़ी तक पहुंच रही है।
इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बस्तर संभाग और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

See also  जिस महादेव एप ने लाया सियासी भूकंप, SP अभिषेक पल्लव से जानें उसका सच- Video

कई जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने कुछ जिलों में अगले तीन घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है।

  • ऑरेंज अलर्ट: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सूरजपुर और कोरिया में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 KMPH की रफ्तार से तेज हवा के साथ मध्यम वर्षा की संभावना।
  • यलो अलर्ट: सुकमा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना।

राजधानी रायपुर का मौसम

रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।