टीआरपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित केंद्रीय कैबिनेट बैठक में भारत की ओर से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2030) की मेजबानी के लिए बोली लगाने को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के तहत अहमदाबाद को आयोजन स्थल के तौर पर चुना गया है।

सरकार का कहना है कि अहमदाबाद में विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, अत्याधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं और खेलों को लेकर विशेष उत्साह मौजूद है, जो इसे इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए उपयुक्त बनाता है। अगर बोली को अंतिम रूप से मंजूरी मिलती है, तो भारत दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में ये खेल सफलतापूर्वक आयोजित किए गए थे।

Commonwealth Games 2030 : कुछ दिन पहले ही भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट दायर करने के बाद भारत की इस दावेदारी को हरी झंडी दी थी। अब कैबिनेट की मंजूरी मिलने के साथ ही भारत आधिकारिक रूप से बोली प्रक्रिया में शामिल हो गया है। सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अब IOA अगले 48 घंटों में सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करेगा, ताकि 31 अगस्त की डेडलाइन से पहले प्रस्ताव सौंपा जा सके।

See also  जन्माष्टमी पर्व पर बड़ा हादसा : रथ यात्रा के दौरान हाई-टेंशन तार की चपेट में आए श्रद्धालु, 5 की मौत

कैबिनेट ने गुजरात सरकार को आयोजन के लिए वित्तीय सहायता देने, होस्ट कोलैबोरेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने और अन्य जरूरी मंत्रालयों व विभागों से आवश्यक गारंटी उपलब्ध कराने को भी मंजूरी दे दी है।