Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बघेल का कहना है कि रायपुर में बन रहे कवर्धा सदन के निर्माण कार्य में जेल के कैदियों से मजदूरी कराई गई। सजा काट रहा एक कैदी जेल से बाहर लाकर काम में लगाया गया और वहीं से फरार हो गया।

भूपेश बघेल ने कहा कि अब तक प्रदेश में मुख्यमंत्री पद पर रहे नेताओं के लिए ‘सदन’ बनाए गए हैं मरवाही सदन, राजनांदगांव सदन, पाटन सदन और कुनकुरी सदन। लेकिन किसी मंत्री के लिए सदन बनवाने की परंपरा कभी नहीं रही। पहली बार गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने लिए कवर्धा सदन का निर्माण कराया है।

बघेल ने उठाए सवाल

  1. विगत 21 अगस्त को फ़रार हुए कैदी को जेल से बाहर लाने के लिए क्या न्यायालय ने अनुमति दी थी?
  2. कैदी के फरार होने का जिम्मेदार कौन है? जिम्मेदार व्यक्ति/व्यक्तियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है?
  3. कवर्धा सदन को किसके द्वारा बनवाया जा रहा है? इसका खर्चा कौन सा विभाग/ व्यक्ति उठा रहा है?
See also  राहुल गांधी की सांसदी बहाल होने पर कांग्रेस नेताओं ने जताई खुशी, सीएम बघेल बोले- नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत…

न्यायिक जांच की मांग

बघेल ने कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है। कैदियों को जेल से बाहर निकालकर मजदूरी कराना और फिर उनका फरार हो जाना गंभीर अपराध है। इसमें गृहमंत्री और जेल मंत्री के दफ्तर की संलिप्तता साफ दिखती है। जेल अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए। बघेल का आरोप है कि प्रशासन इस घटना को दबाने की कोशिश कर रहा है और गृह मंत्री अब तक इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।