0 अधिकारी करेंगे आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण समीक्षा बैठक में सचिव शम्मी आबिदी ने दी चेतावनी
टीआरपी न्यूज।
महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में महिलाओं एवं बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सभी महिलाओं एवं बच्चों को दिए जाने का आदेश दिया गया है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्रवई करने की चेतावनी दी गई है।
नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने समीक्षा बैठक में योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुंचाने कहा है। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा क्षेत्रीय स्तर के अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और वास्तविक स्थिति का आंकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यह भी कहा है कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर, सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और हितग्राहियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए होना चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और महतारी वंदन योजना पर भी विशेष बल दिया गया। यह भी कहा है कि महतारी वंदन योजना में हितग्राहियों के घर-घर जाकर सर्वे करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और डीपीओ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
’टेक होम राशन वितरण की होगी सख्त निगरानी’
बैठक में टेक होम राशन के वितरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सचिव आबिदी ने कहा कि पात्र हितग्राहियों गर्भवती एवं धात्री माताओं और कुपोषित बच्चों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मात्रा में टेक होम राशन उपलब्ध कराना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। राशन वितरण और एंट्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
’एनीमिया रोकथाम पर जोर’
बालिकाओं, शिशुवती महिलाओं और गर्भवती माताओं में एनीमिया की समस्या को रोकने के लिए पोषणयुक्त आहार पर विशेष ध्यान दें। हरी सब्जियों, सहजन (मोरिंगा), गुड़, तिल, चना और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य वस्तुओं के सेवन के लिए प्रोत्साहित करें।
’कुपोषण रोकने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश’
बैठक में यह भी निर्देश दिया कि कुपोषण रोकने के लिए मिशन मोड में काम किया जाए ताकि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे। सभी योजनाओं और सेवाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब बच्चों, माताओं और किशोरियों को कुपोषण और एनीमिया से मुक्त स्वस्थ जीवन मिल सके। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक पी. एल्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, सीडीपीओ तथा सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
.
महिलाओं, बच्चों को सुविधा नहीं मिलने पर जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई


