टीआरपी डेस्क। Stock Market : गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शानदार रही। निवेशकों में नया जोश देखने को मिला, जिसकी बड़ी वजह जीएसटी काउंसिल द्वारा किए गए अहम टैक्स सुधार हैं। टैक्स ढांचे में बदलाव की घोषणा के बाद बाजार में तेजी का रुख बन गया है।

जीएसटी में बड़ा बदलाव

जीएसटी काउंसिल ने टैक्स स्लैब को सरल बनाते हुए अब केवल दो प्रमुख दरें – 5% और 18% रखने का फैसला लिया है। 12% और 28% स्लैब को खत्म कर दिया गया है। ये नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। नवरात्रि की शुरुआत से पहले इस फैसले को सरकार का बड़ा आर्थिक कदम माना जा रहा है।

सेंसेक्स-निफ्टी में शानदार बढ़त

सकारात्मक संकेतों के बीच बीएसई सेंसेक्स ने शुरुआती कारोबार में 888 अंकों की छलांग लगाई और 81,456.67 के स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी भी 265 अंकों की बढ़त के साथ 24,980.75 पर कारोबार करता देखा गया।

See also  LPG Cylinder Rate Hike: घरेलू रसोई सिलेंडर के दाम में 50 रुपए की बढ़ोत्तरी, कमर्शियल सिलेंडर के दाम इतनी वृद्धि

किस सेक्टर में दिखी सबसे ज्यादा तेजी

सेंसेक्स की 30 में से कई कंपनियों के शेयरों में जोरदार उछाल रहा। महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा 7.5% की तेजी रही। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, टाटा मोटर्स और अल्ट्राटेक सीमेंट ने भी बढ़त दर्ज की। (Stock Market)

कुछ शेयरों में कमजोरी

तेजी के इस माहौल में भी कुछ कंपनियों के शेयर दबाव में रहे। टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और पावर ग्रिड जैसे शेयरों में हल्की गिरावट देखी गई।

वैश्विक बाजारों का मिश्रित रुख

एशिया में जापान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में बढ़त रही, जबकि चीन और हांगकांग के बाजार नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को हरे निशान में बंद हुए थे। उधर, कच्चे तेल की कीमतों में भी थोड़ी नरमी आई है और ब्रेंट क्रूड 0.56% गिरकर 67.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।