बाघ के हमले में घायल किसान की मौत

बालाघाट। कटंगी क्षेत्र के आम्बेझरी गांव में बाघ के हमले में घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को वाहन से उतारने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर ग्रामीणों का वन विभाग के अधिकारियों से विवाद हो गया।

65 वर्षीय किसान सेवकराम गौपाले गुरुवार को मवेशी चराकर लौट रहे थे, तभी खेत में मौजूद बाघ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल निर्मित हो गया। ग्रामीणों ने शव को वाहन से उतारने से मना कर दिया और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे डीएफओ अधर गुप्ता और रेंजर से ग्रामीणों की बीच नोक-झोंक भी देखने को मिली, जो बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। घटना की सूचना पर एसडीएम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी।

See also  यहां 8 दिन से धान खरीदी बंद, सहकारी समिति के अध्यक्ष ने दी आत्मदाह की चेतावनी, सकते में आया प्रशासन, एसडीएम ने किसानों को दी समझाइश

1 साल के भीतर बाघ के हमले से 4 लोगों की मौत

ग्रामीणों ने बताया कि एक साल में बाघ के हमले से चार लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन विभाग सिर्फ आश्वासन दे रहा है। उन्होंने मृतक के परिजन को 25 लाख रुपये मुआवजा देने और खेतों के पास फेंसिंग लगाने की मांग की। डीएफओ ने गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के उपायों का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।