भोपाल। प्रदेश में मानसून की रवानगी धीरे-धीरे शुरू हो गई है और इस माह के अंत तक इसके पूरी तरह विदा होने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश में दिनभर धूप-छांव का दौर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 11 जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शिवपुरी में 7 मिमी, रतलाम में 4, पचमढ़ी में 1.2, उज्जैन में 0.6, सिवनी में 16.4, मलाजखंड में 5.3, जबलपुर में 2.6, टीकमगढ़ में 1, जबकि छिंदवाड़ा, रीवा और सतना में 0.4 मिमी बारिश हुई।
मौसम विज्ञानी अरुण शर्मा ने बताया कि फिलहाल कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है। अगले पांच दिन तक धूप-छांव के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
चारों महानगरों में सोमवार को तापमान इस प्रकार रहा भोपाल: अधिकतम 31.5, न्यूनतम 24.4, इंदौर: अधिकतम 27.8, न्यूनतम 21.4, ग्वालियर: अधिकतम 34.3, न्यूनतम 26.0, जबलपुर: अधिकतम 32.7, न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस।


