टीआरपी डेस्क। iOS 26 Launch : Apple ने iOS 26 को iPhone 17 सीरीज के साथ पेश किया है। इसका बीटा वर्जन अभी से डाउनलोड के लिए उपलब्ध है और कुछ हफ्तों में इसका स्टेबल वर्जन सभी कम्पैटिबल iPhones पर फ्री अपडेट के तौर पर मिलेगा। iPhone 17 सीरीज सबसे पहले इस नए सॉफ्टवेयर के साथ आएगी। हालांकि, इनमें से कई फीचर्स ऐसे हैं जो एंड्रॉयड यूजर्स पहले से ही उपयोग कर रहे हैं।
अट्रैक्टिव डिजाइन और वॉलपेपर
iOS 26 को कंपनी ने अब तक का सबसे बड़ा डिजाइन अपडेट बताया है। इसे Liquid Glass नाम दिया गया है, जिसमें हर मेन्यू और बटन पर ट्रांसपेरेंट इफेक्ट देखने को मिलेगा। लॉक स्क्रीन पर नए अट्रैक्टिव वॉलपेपर और 3D इमेज इफेक्ट्स भी जोड़े गए हैं। लेकिन Google पहले ही अपने Pixel फोन में सिनेमैटिक वॉलपेपर फीचर ला चुका है और Xiaomi HyperOS 2.0 पर भी ऐसे वॉलपेपर उपलब्ध हैं।

Visual Intelligence vs Google Lens
Apple ने iOS 26 में Visual Intelligence को और पावरफुल बना दिया है। इससे आप स्क्रीन पर दिख रहे प्रोडक्ट्स की पहचान कर सकते हैं, इवेंट कैलेंडर में जोड़ सकते हैं या किसी डॉग की ब्रीड तक खोज सकते हैं। लेकिन यहां भी एंड्रॉयड आगे है। Google ने Google Lens साल 2017 में लॉन्च कर दिया था और 2024 में Circle to Search फीचर भी जोड़ दिया था, जिससे एंड्रॉयड यूजर्स के लिए स्क्रीन पर दिख रही किसी भी चीज को सर्च करना बेहद आसान हो चुका है।
नए कॉलिंग फीचर्स
iOS 26 में कॉलिंग के लिए 2 नए फीचर्स मिले हैं, जो Call Screening और Hold Assist हैं। अब अंजान नंबर से कॉल आने पर फोन पहले कॉलर से उसकी पहचान पूछेगा और तभी फोन बजेगा। वहीं, Hold Assist ग्राहक सेवा कॉल्स के दौरान आपके लिए लाइन पर इंतजार करेगा और जब एजेंट जुड़ेगा तब फोन बजाकर आपको अलर्ट करेगा। लेकिन गूगल ये फीचर्स भी काफी पहले ला चुका है। Google ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए Call Screen 2018 में और Hold for Me 2020 में ही लॉन्च कर दिया था।

Message में स्पैम डिटेक्शन
iOS 26 में मैसेजिंग ऐप को भी अपडेट किया गया है। इसमें अब स्पैम डिटेक्शन और अननोन सेंडर स्क्रीनिंग फीचर मिलेगा। इससे अंजान नंबरों से आने वाले मैसेज अलग फोल्डर में चले जाएंगे। हालांकि Google मैसेजेस में यह फीचर 2018 से ही उपलब्ध है और 2024 में Google ने इसे और एडवांस्ड बनाकर Scam Detection भी जोड़ दिया, जो संदिग्ध कॉल्स की पहचान कर लेता है।
अब iOS में भी लाइव ट्रांसलेशन
iOS 26 के साथ Apple ने अपने Messages, FaceTime और Phone ऐप्स में Live Translation फीचर जोड़ा है। इससे टेक्स्ट, वॉइस नोट और लाइव कॉल्स का रियल-टाइम ट्रांसलेशन होगा। यह पूरी तरह डिवाइस पर ही प्रोसेस होगा, यानी डेटा बाहर नहीं जाएगा। लेकिन Google ने इस फीचर को भी पहले से ही पिक्सल 6 (2021) के साथ पेश कर दिया था। एंड्रॉयड पर यह न केवल गूगल मैसेजेस बल्कि WhatsApp जैसे ऐप्स पर भी काम करता है। साथ ही Google Assistant का Interpreter Mode कॉल्स और रियल-टाइम बातचीत दोनों का अनुवाद करता है।

एंड्रॉयड को फॉलो कर रहा iOS 26
iOS 26 यूजर्स के लिए डिजाइन और प्राइवेसी-फोकस्ड फीचर्स के साथ-साथ कई ताजा और आकर्षक अपडेट आ चुके हैं, लेकिन कई बड़े फीचर्स जैसे डायनामिक वॉलपेपर, ऑब्जेक्ट डिटेक्शन, कॉल स्क्रीनिंग और लाइव ट्रांसलेशन एंड्रॉयड पहले ही अपने यूजर्स को दे चुका है। यह वही पुराना खेल है जिसमें कभी Apple तो कभी Google एक-दूसरे से फीचर्स अपने मॉडल्स में इंट्रोड्यूज करते रहते हैं।



