टीआरपी डेस्क। Baby’s Death After Vaccination : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धुरीपारा निवासी रामेश्वर मरावी की पत्नी ईश्वरी मरावी अपनी 2 महीने की बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र लेकर गई थी। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की NHM विभा बंजारे ने बच्ची को लगातार 4 टीके लगा दिए। घर लौटने के बाद से अगली सुबह तक बच्ची दर्द से तड़पती रही। अगले दिन दोपहर 12 बजे उसने दम तोड़ दिया।

शव रखकर आंगनबाड़ी केंद्र में हंगामा

बच्ची की मौत के बाद आक्रोशित परिजन और मोहल्लेवासी बच्ची के शव को आंगनबाड़ी केंद्र ले आए। यहां उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। NHM को फोन भी किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इससे भीड़ का गुस्सा और भड़क गया।

परिजनों ने घेरा कलेक्ट्रेट

परिजनों और मोहल्ले वालों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि वे शव को ट्रैक्टर से कलेक्ट्रेट लेकर पहुंचे। जहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ₹6 लाख मुआवजे की मांग रखी। पूर्व पार्षद श्याम पटेल और बबली खान ने भी इस मांग का समर्थन किया। इस बीच दर्जनों महिलाएं भी कलेक्ट्रेट पहुंची थी। पुलिस ने ट्रैक्टर को परिसर में घुसने से रोका और चालक को फटकार लगाई।

See also  Horoscope Today- माता कात्यायनी की कृपा से आज इन राशि वालों की सुधरेगी आर्थिक स्थिति

प्रदर्शन के बाद हरकत में आया प्रशासन

हंगामे की खबर लगते ही तहसीलदार गरिमा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि, इस पूरी घटना में स्वास्थ्य विभाग का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया ही नहीं।

रात भर तड़पती रही बच्ची

परिजनों ने बताया कि बच्ची को टीका लगाने के बाद लगातार दर्द होता रहा। रातभर वह रोती रही और परिजन उसे दवा और घरेलू उपायों से शांत करने की कोशिश करते रहे। लेकिन, हालत बिगड़ती चली गई। सुबह तक बच्ची की सांसें कमजोर पड़ गईं और दोपहर को उसने अंतिम सांस ली। जिसके बाद पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।

कटघरे में स्वास्थ्य विभाग

Baby’s Death After Vaccination : यह घटना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर क्यों नवजात को एक साथ 4 टीके लगाए गए ? क्यों शिकायत के बाद भी कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा ? परिजनों का कहना है कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी और मुआवजे की मांग पूरी नहीं होगी, वे शांत नहीं बैठेंगे।

See also  न मोबाइल, न इंटरनेट… तो कैसे लोगों से संपर्क करते हैं अजित डोभाल? खुद बताया तरीका