बिलासपुर। शहर में ऑनलाइन ठगी के दो मामले सामने आए हैं। एक वकील से शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर 25 लाख 50 हजार रुपए हड़प लिए गए, वहीं भाजपा नेता से फर्जी ई-चालान भेजकर 3 लाख रुपए की ठगी की गई। दोनों अलग-अलग मामलों में पुलिस ने आरोपियों पर अपराध दर्ज किया है।

सकरी पुलिस के अनुसार, सागर होम्स फेस-1 निवासी 27 वर्षीय वकील युगल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अप्रैल 2025 में उनकी पहचान कोरबा नरईबोध निवासी छत्रपाल पटेल से हुई। उसने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग का विशेषज्ञ बताते हुए फर्जी एप और व्हाट्सएप पर नकली स्क्रीनशॉट दिखाकर भारी मुनाफे का झांसा दिया।

भरोसा कर युगल पटेल ने 17 अप्रैल से 15 अगस्त 2025 के बीच 23 लाख 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 2 लाख 40 हजार रुपए नकद उसके घर में दिए। जांच में सामने आया कि छत्रपाल ने एक भी पैसा शेयर मार्केट में निवेश नहीं किया और पूरी रकम निजी खर्च में उड़ा दी। पुलिस ने छत्रपाल, उसकी मां गंगा पटेल, पिता मुरली मनोहर पटेल और भाई प्रकाश पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 4, 3, 5 के तहत अपराध दर्ज किया है।

See also  Kendriya Vidyalaya: देशभर में खुलेंगे 85 नए केंद्रीय विद्यालय, छत्तीसगढ़ के मुंगेली सहित इन जिलों में खुलेंगे सेंट्रल स्कूल

दूसरे मामले में, कोतवाली पुलिस ने बताया कि दयालबंद मधुबन चौक निवासी भाजपा नेता बंधु मौर्य को 3 सितंबर की शाम उनके व्हाट्सएप नंबर पर छत्तीसगढ़ पुलिस का लोगो लगाकर एक फर्जी आरटीओ ई-चालान का लिंक भेजा गया।

लिंक पर क्लिक करने और व्यक्तिगत जानकारी भरने के बाद 3 से 9 सितंबर के बीच उनके एचडीएफसी और पीएनबी बैंक खातों से कुल 3 लाख 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी पर बीएनएस की धारा 318, 4, 66(डी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।