नीमच। जिले में सीमेंट कंपनी की तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने ग्रीनको कंपनी के प्लांट में जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। मामला ग्राम खीमला का है।
काम पर रहे थे बाइक सवार श्रमिक
जानकारी के मुताबिक, तीनों श्रमिक बाइक पर सवार होकर काम करने जा रहे थे। तभी एलएनटी कंपनी की बस ने ठोकर मार दी। हादसे में एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अमरपुरा निवासी लच्छूराम (28) के तौर पर हुई है। जबकि, अमरपुरा निवासी गोविंद (27 वर्ष) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया है। तीसरे घायल, मगड़दा निवासी अनिल मीणा (18 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने ग्रीनको प्लांट के बाहर चक्का जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भीड़ कुछ ही देर में अनियंत्रित हो गई और प्लांट परिसर में तोड़फोड़ करते हुए बस को आग के हवाले कर दी। हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।



