टीआरपी डेस्क। Kinnar Guru’s Murder : राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। किन्नर समाज की जानी-मानी गुरु मधु शर्मा पर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुलाकात के बहाने करीब पहुंचे हत्यारे
मधु शर्मा अपनी टीम के साथ एक कार्यक्रम में जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में गाड़ी रुकने पर मुलाकात के बहाने हमलावर उनके पास पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और मधु को तुरंत पास के निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या से समाज में शोक की लहर
मधु शर्मा की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग CHC गेट के बाहर जमा हो गए। वे हत्या से आहत और आक्रोशित थे। हालात को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। ASP समेत पुलिस अमला भी घटनास्थल पर मौजूद रहा और समाज के लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
सेवा कार्यों के लिए लोकप्रीय थीं मधु शर्मा
किन्नर समाज के लोगों ने बताया कि मधु शर्मा केवल गुरु ही नहीं, बल्कि समाजसेविका भी थीं। उन्होंने बधाई में मिली राशि से कई वाटर कूलर लगवाए, गौशालाओं को दान दिया, अनाथ बच्चों की परवरिश की और गरीब बच्चियों की पढ़ाई का खर्च भी उठाया। उनके निस्वार्थ सेवा कार्यों के कारण वे समाज में बेहद लोकप्रिय थीं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
Kinnar Guru’s Murder : नीमराना थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन भी किया गया है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। समाज के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



