टीआरपी डेस्क। Mass Murder : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र के ठुसे केला गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घर से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो कमरे की दीवारों और फर्श पर खून के धब्बे थे, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई कि घर के भीतर किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है।
मृतकों की पहचान बुध राम, उनकी पत्नी सहोद्रा और उनके बच्चे अरविंद और शिवांगी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि अज्ञात हमलावरों ने टगिया और रॉड से हमला कर परिवार के चारों सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शवों को उनके ही घर के पीछे गड्ढे में दफना दिया।
घर पिछले 4 दिनों से बंद था, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।
Mass Murder : स्थानीय प्रशासन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार के परिजनों से संपर्क साधा है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं। बहरहाल, जमीन के नीचे कितने शव दबे हैं, इसका खुलासा करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम का इंतजार किया जा रहा है।



