टीआपी डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई में स्थित उच्च न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बॉम्बे हाईकोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट दोनों को शुक्रवार को ईमेल के माध्यम से बम विस्फोट की चेतावनी दी गई, जिसके बाद दोनों स्थानों पर तत्काल सुरक्षा कदम उठाए गए और कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।

बॉम्बे हाईकोर्ट प्रशासन को दोपहर में एक ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें इमारत में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। खोजी कुत्तों की मदद से हर कोना खंगाला गया, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। प्रशासन ने एहतियातन न्यायाधीशों, वकीलों, कर्मचारियों और आगंतुकों को बाहर निकाल दिया। सुनवाई को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया।

इस घटना के कुछ ही घंटे पहले दिल्ली हाईकोर्ट में भी इसी प्रकार की धमकी मिली थी। सुबह 8:39 बजे महापंजीयक को एक ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें तीन बम लगाए जाने का दावा किया गया था। धमकी में यह भी कहा गया था कि विस्फोट दोपहर की नमाज के तुरंत बाद होंगे। इसके बाद कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई। कुछ न्यायाधीश तत्काल कोर्ट रूम से बाहर निकल गए, जबकि अन्य ने निर्धारित समय तक कार्यवाही जारी रखी।

See also  आर्मी चीफ नरवणे का बड़ा बयान, कहा- सरकार आदेश दे तो पीओके पर भी हमारा कब्जा होगा

दिल्ली पुलिस को एक पीसीआर कॉल भी मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमों को तैनात किया गया। सभी कर्मचारियों, वकीलों और क्लर्कों को बाहर निकाल दिया गया।

हाल के हफ्तों में इस तरह की धमकियों में वृद्धि देखी जा रही है। मुंबई और दिल्ली के कई स्कूलों और प्रतिष्ठानों को भी ईमेल के जरिये बम की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई हैं।