टीआरपी डेस्क। शुक्रवार को सीपी राधाकृष्णन (CP Radhakrishnan) ने उपराष्ट्रपति के तौर पर पद की शपथ ली। शपथ समारोह में इस्तीफे के 53 दिन बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी नजर आए। वे अन्य पूर्व उपराष्ट्रपतियों वेंकैया नायडू और हामिद अंसारी के साथ बैठे हुए थे।

21 जुलाई को दिया इस्तीफा

जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को राज्यसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाई थी, और उसी दिन उन्होंने इस्तीफा भी दिया था। इस्तीफा देने के लगभग दो महीने तक वे सार्वजनिक तौर पर पूरी तरह से गायब रहे। जिससे सोशल मीडिया पर काफी अटकलें लगाई जाने लगी। तब उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था। लेकिन, उपराष्ट्रपति की अनुपस्थिति को लेकर विपक्ष ने लगातार निशाना साधा। वहीं, सरकार ने इसे निजी मामला बताया।

जानकारी के मुताबिक, इस्तीफे के बाद धनखड़ आधिकारिक आवास में रहे। इस बीच,उन्होंने मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाई। अगस्त तक वह आवास खाली करने वाले थे, लेकिन, नया सरकारी बंगला नहीं मिलने के कारण वहीं पर रहे।

See also  भारतीय कफ सिरप पर उठाए गए सवाल पर सरकार ने WHO से मांगी और जानकारी

उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार (NDA Candidates) सीपी राधाकृष्णन ने इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। चुनाव में 788 सदस्यों में से 767 ने मतदान किया था। राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले, जो उम्मीद से ज्यादा थे, जबकि सुदर्शन रेड्डी को सिर्फ 300 वोट मिले। भारी मतों से मिली इस जीत ने एनडीए की सियासी पकड़ को और मजबूत किया है।