मंदसौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Madhya Pradesh Chief Minister Mohan) एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए। मंदसौर में हॉट एयर बैलून एक्टिविटी (Hot Air Balloon Activity) के दौरान उनके बैलून में अचानक आग लग गई।
घटना के वक्त मुख्यमंत्री बैलून के अंदर ही थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
बताया गया है कि आग बैलून के निचले हिस्से में लगी थी, जिसे तुरंत बुझा दिया गया। मुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद ही आग पर काबू पाया गया।
हॉट एयर बैलून ऑपरेटर्स के मुताबिक, घटना के वक्त हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हवा तेज होने के कारण बैलून स्थिर नहीं रह सका और निचले हिस्से में आग लग गई।
गौरतलब है कि गांधी सागर अभयारण्य में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। वहां के लिए हॉट एयर बैलून एक प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।



