टीआरपी डेस्क। Horrific Road Accident : छत्तीसगढ़ के पंखाजूर से भगवान रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की एक यात्रा हृदयविदारक हादसे में तब्दील हो गई। रविवार देर रात उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कैसे हुई बस की टक्कर ?

जानकारी के मुताबिक बालाजी ट्रेवल्स की एक बस 7 सितंबर को छत्तीसगढ़ के पंखाजूर से लगभग 50 श्रद्धालुओं को लेकर धार्मिक यात्रा पर निकली थी। श्रद्धालु अमरकंटक, मैहर देवी, चित्रकूट, वृंदावन होते हुए रविवार सुबह अयोध्या पहुंचे थे। यहां सभी ने श्री रामलला के दर्शन किए और रविवार रात 11 बजे काशी विश्वनाथ के लिए रवाना हुए।

बताया जा रहा है कि बस के आगे एक तेज रफ्तार ट्रेलर चल रहा था। ओवरटेक के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

See also  ब्रेकिंग: एयरपोर्ट से सीधे घायल जवानों से मिलने अस्पताल पहुंचे CM भूपेश बघेल, जवानों से स्वास्थ्य की जानकारी ली

घायलों का इलाज जारी

हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें आशा भवाल, गुलाव देवी, रेखा बानिक और बस चालक दीपक शामिल हैं।

घायलों में दिलीप दास सहित 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, सभी का इलाज जारी है।

मामले में पुलिस की कार्रवाई

यह हादसा उत्तरप्रेदश के जौनपुर जिले में भोर में घटित हुआ। उत्तरप्रेदश पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

Horrific Road Accident : यह धार्मिक यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था से भरी एक विशेष यात्रा थी, जो एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। इस हादसे के बाद छत्तीसगढ़ के पंखाजूर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।